राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने कही यह बात

नई दिल्ली. राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को कहा कि आपने जो किया, ऐसा करने की हिम्मत कुछ ही लोगों में होती है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि राहुल हमेशा मेरे नेता रहेंगे।

राहुल ने बुधवार को कहा था कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी मेरी है। कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभालना सम्मान की बात रही, लेकिन पार्टी के भविष्य के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। यही वजह है कि मैंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया।

राहुल ने बुधवार को ट्विटर पर खुला पत्र भी साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘कांग्रेस पार्टी की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस पार्टी के सिद्धांत और आदर्शों ने हमारे खूबसूरत देश की जीवनधारा के रूप में सेवा की। मेरे ऊपर पार्टी और देश से मिले प्यार का बहुत बड़ा कर्ज है। कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष होने के नाते मैं 2019 चुनाव में हार के लिए जिम्मेदार हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के भविष्य में विकास के लिए जिम्मेदारी तय करना बेहद जरूरी है। यही वह वजह है, जिसके लिए मैंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। पार्टी के पुनर्विकास के लिए कड़े फैसले लेना जरूरी है और 2019 की नाकामी के लिए बहुत सारे लोगों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। पार्टी अध्यक्ष होने के नाते यह नाइंसाफी होगी कि मैं दूसरों को जिम्मेदार ठहराऊं और अपनी जिम्मेदारी को नजरअंदाज कर दूं।’’

राहुल ने लिखा, ‘‘मेरे बहुत सारे साथियों ने यह सुझाव दिया कि मैं पार्टी का अगला अध्यक्ष तय करूं। जब यह जरूरी है कि कोई नया व्यक्ति पार्टी का नेतृत्व करे तो यह मेरे लिए सही नहीं होगा कि मैं नए व्यक्ति का चयन करूं। हमारी पार्टी का पुराना इतिहास है, यह संघर्षों और गौरवपूर्ण विरासत वाली पार्टी है, जिसकी मैं तहेदिल से इज्जत करता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी इस संबंध में सबसे सही निर्णय लेगी कि उसका साहस, प्यार और ईमानदारी से कौन नेतृत्व करे।’’

comment box

Please enter your comment!
Please enter your name here